नाले पर अतिक्रमण से जल निकासी प्रभावित, जिम्मेदार कर रहे नजरंदाज
अमानीगंज। अयोथ्या*सरकारी जमीनों अतिक्रमण को लेकर सरकार भले ही सख्त है और लगातार अवैध निर्माण पर सरकार का बुलडोजर गरज रहा है लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडासा के लिए यह बेमानी साबित हो रहा है। यहां जल निकासी के लिए बनाए गए नाले पर अतिक्रमण होने से अस्पताल वर्षों से भारी जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। सोमवार सुबह हुई बारिश के बाद के परिसर जलमग्न हो गया, अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी के बगल जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कराया गया था। पटरी दुकानदारों ने नाले पर स्थाई निर्माण कर लिया है जिससे नाला बंद हो गया। समुचित जल निकासी नहीं हो पा रही है। थोड़ी ही बरसात में मुख्य प्रवेश द्वार सहित परिसर में भारी जलभराव हो जाता है। यह अवैध निर्माण पिछले पांच सात वर्षों में धीरे-धीरे हो गया और अस्पताल व राजस्व प्रशासन सिर्फ इसे देखता रहा। जबकि इसके पूर्व एक बार राजस्व कर्मियों द्वारा अवैध कब्जेदारों पर कार्यवाही की गई थी और अवैध कब्जे से नाले को मुक्त कराया गया था। सामुदायिक केंद्र के अधीक्षक मदन बरनवाल ने बताया कि जलभराव से मरीजों और अस्पताल कर्मियों को परेशानी हो रही है अभी जल्दी में उनकी तैनाती हुई है, अधिकारियों से वार्ता करके समाधान का प्रयास किया जाएगा। खण्ड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने कहा कि नाला अतिक्रमण मुक्त जाय तो नाले की मरम्मत व सफाई करा दी जाएगी।