रिपोर्टर बृजेश कुमार
सहसवान (बदायूं)। तहसील सहसवान में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं न्यायोचित निस्तारण पर जोर देते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी और एसएसपी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।