बदायूं। संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बदायूं में विरोध प्रदर्शन किया। नेकपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया।इससे पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को मंगलवार शाम उनके नेकपुर स्थित आवास पर पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने का दावा किया गया। बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचे और बाद में विरोध मार्च में शामिल हुए। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने केंद्र सरकार पर छात्रों और युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने संसद मार्च के दौरान हुए पुलिस बल प्रयोग की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
