स्टेट ब्यूरो चीफ भूदेव प्रेमी
बदायूँ, ।महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व जागरूकता के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार कक्ष में समीक्षा बैठक की।बैठक में जनपद के सभी थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारी और संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।एसएसपी ने निर्देश दिए कि मिशन शक्ति के तहत प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा स्कूल, कॉलेज और ग्राम पंचायतों में संवाद स्थापित कर उन्हें जागरूक किया जाए। इसके साथ ही थानों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों और ऑनलाइन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी योजनाओं और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।बैठक में मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनविश्वास बढ़ाने वाला बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारियों और संबंधित कर्मियों को मिशन शक्ति सिम और सीयूजी फोन भी वितरित किए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।