ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर कुमार
थानाभवन/शामली नगर पंचायत थानाभवन में दिनांक 24 जुलाई 2026 को नगर पंचायत सभागार में अधिशासी अधिकारी श्री जितेन्द्र राणा एवं अध्यक्ष महोदया श्रीमति मुशयदा पत्नी हाजी राव जमशेद जी की अध्यक्षता में सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों के क्षमता संवर्धन के दृष्टिगत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों को नगर के नाला-नालियों, मार्गों तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित एवं समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।संचारी रोगों की रोकथाम के दृष्टिगत नगर में विशेष सफाई अभियान चलाने, जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई करने तथा स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।इसके साथ ही घरों से निकलने वाले कचरे का गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहण करने तथा एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित किया गया। सूखे कचरे के उचित प्रबंधन एवं निस्तारण हेतु एमआरएफ सेंटर की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी गई।कार्यशाला में भूजल संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया तथा नगरवासियों के बीच जल संरक्षण एवं भूजल संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के लिए सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया गया। उपरोक्त सभी कार्यक्रमों के प्रति कार्यशाला में उपस्थित सभी के द्वारा कार्यों के प्रति शपथ ग्रहण की गयी ।कार्यशाला का उद्देश्य नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, संचारी रोगों की रोकथाम करना, कचरे का वैज्ञानिक एवं उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना तथा नागरिकों में स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।