रिपोर्ट वैभव गुप्ता
समरेर (बदायूं) बीती रात एक तेज रफ्तार वाहन ने खेत पर जा रहे युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम समरेर निवासी राहुल मिश्रा कल रात्रि लगभग 8 से 9 बजे के बीच अपने घर से खेत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहुल मिश्रा सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ( आरोप है )दुर्घटना करने वाली गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। वाहन को अर्जुन पुत्र महेंद्र, निवासी जरसानी, थाना बिल्सी चला रहा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल मिश्रा को तत्काल चिकित्सालय भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने वाहन चालक अर्जुन सहित उसके साथ मौजूद अन्य लोगों को थाने भेजकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।