रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं के दातागंज विकासखंड परिसर में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और मेले में पहुंचे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में सरकार लगातार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को साकार करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य सुविधाएं और समस्याओं के समाधान का लाभ मिल रहा है।मेले के दौरान विधायक ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें फलों की टोकरी भेंट की तथा उनके स्वस्थ मातृत्व की कामना की। वहीं नवजात शिशुओं को खीर खिलाकर उनके उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार है।स्वास्थ्य मेले में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया गया।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र राम, सीडीपीओ मंजू, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम उत्साह और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ।