लक्सर के रायपुर गांव में मातम का माहोल,देवप्रयाग कार हादसे में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत, एक बच्चा गंभीर,पौड़ी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में लक्सर के रायपुर गांव के एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे रायपुर गांव में सन्नाटा और कोहराम मचा हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्सर के रायपुर गांव निवासी अफजाल अपनी पत्नी सब्बो और बच्चों—अरमान, अमन, अरहम, अनविया तथा गुफरान के साथ कार में सवार होकर देवप्रयाग की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान देवप्रयाग के समीप अचानक चालक का नियंत्रण छूट गया और कार असंतुलित होकर एक गहरी खाई में जा गिरी।इस हादसे की चपेट में आने से अफजाल, उनकी पत्नी और चार बच्चों सहित कुल छह लोगों ने मौके पर ही मौत हो गयी,वहीं, कार में सवार एक अन्य बच्चे की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है स्थानीय पुलिस द्वारा रायपुर गांव में हादसे की खबर पहुंचाते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक अफजाल के आवास पर ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से लोगों का जुटना शुरू हो गया है। एक साथ परिवार के छह सदस्यों के चले जाने से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के मूल कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।
मोनी सैनी की खास रिपोर्ट