कांवड़ियों के लिए उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
रिपोर्ट वैभव गुप्ता

दातागंज। सावन के पावन महीने में भगवान शिव की भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम दातागंज क्षेत्र के ग्राम समरेर में देखने को मिला। कांवड़ियों की सेवा और सत्कार के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।भंडारे का शुभारंभ दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया, अतेंद्र विक्रम सिंह उर्फ अंकित भैया, ब्लॉक प्रमुख दातागंज, दातागंज अध्यक्ष पति नितिन गुप्ता, अनूप गुप्ता, डहरपुर के प्रधान विशाल गुप्ता, सभासद अमित गुप्ता एवं विजय कुमार सिंह उर्फ बालू भैया ने किया।भंडारे का आयोजन दातागंज निवासी संजीव कुमार गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता एवं अनुज कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने पहुंचकर कांवड़ियों को भोजन प्रसाद कराया और उनकी सेवा में अपना योगदान दिया। पूरा माहौल भगवान शिव की भक्ति और सेवा भावना से सराबोर नजर आया।इस अवसर पर विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने कहा कि सावन के पावन महीने में शिवभक्ति में लीन कांवड़ियों को भोजन कराना और उनकी सेवा के लिए भंडारे का आयोजन करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों पर बनी रहे तथा कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो, यही हमारी कामना है।उन्होंने कहा कि सेवा और श्रद्धा से किया गया छोटा-सा प्रयास भी भगवान शिव के चरणों में बड़ी भक्ति के समान है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।आयोजकों ने भी भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि भोलेनाथ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और हर शिवभक्त सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे।समरेर का यह भंडारा सिर्फ भोजन का आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा, भाईचारे और मानवता की एक खूबसूरत मिसाल बन गया। सावन की भक्ति में डूबे ग्रामीणों की सेवा भावना ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
