नाली निकासी न होने से बनी समस्या, स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
अयोध्या। जनपद के अमानीगंज ब्लाक अंतर्गत खंडासा गांव में नाली निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण दूषित जलभराव की गंभीर समस्या बन गई है। जिससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण दूषित जलभराव से गुजरने को मजबूर हो रहे हैं।आपको बता दें कि खंडासा गांव में नालियों के अभाव के कारण बारिश होते ही पानी सड़क पर जमा हो जाता है। और कई दिनों तक नहीं निकल पाता। दूषित जल सड़कों पर जमा होने से कीचड़ और बदबू फैल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आवागमन प्रभावित हो रहा है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। कई छात्र-छात्राएं कीचड़ भरे रास्तों से गुजरते हैं। जिससे कपड़े खराब हो जाते हैं। तथा गड्ढे में गिरने व बीमार होने का खतरा बना हुआ हैं।स्थानीय लोगों ने बताया कि जलभराव होने के कारण खड़ंजे जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा और भी बढ़ गया है। दूषित पानी जमा रहने से मच्छर पैदा हो रहे हैं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की है, लेकिन स्थायी समाधान अभी तक नहीं निकला है।ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण न होने से बारिश के मौसम में यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है। स्कूली बच्चों के अभिभावक चिंतित हैं कि उनके बच्चे रोजाना दूषित जल और कीचड़ से गुजरकर पढ़ाई के लिए जा रहे हैं।ग्रामीणों की मांग है कि तत्काल दूषित जलभराव निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सफाई का इंतजाम किया जाए, ताकि ग्रामीणों और छात्रों को राहत मिल सके। वहीं इस मामले में जब खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश मिश्रा से जानकारी चाही गई तो उन्होंने बताया कि विभागीय टीम को भेजकर समस्या का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।