दातागंज/बदायूं,। दातागंज तहसील के रामगंगा कटान से प्रभावित चकवा गांव का शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने कटान प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष से गांव में लगातार कटान हो रहा है, जिससे देवस्थान भी रामगंगा में समा चुका है। हर वर्ष बाढ़ के कारण खेत जलमग्न हो जाते हैं और अधिकांश किसानों को केवल एक ही फसल मिल पाती है। बाढ़ के दौरान कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क भी टूट जाता है।इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने आरोप लगाया कि रामगंगा कटान और बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए सरकार एवं प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मानपुर से सिमरिया तथा रूकुमपुर से भाऊ नगला तक तटबंध बनाए जाने और कटान प्रभावित किसानों को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस 5 अगस्त से हजरतपुर पुल पर धरना शुरू करेगी।उन्होंने कहा कि दातागंज क्षेत्र को बाढ़ मुक्त कराने के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।दौरे के दौरान कांग्रेस जिला सचिव मंजेश यादव, डॉ. संतोष यादव, अमर सिंह गुर्जर, अरविंद, जयवीर सिंह, सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र सिंह, कृपाल मौर्य, सत्यपाल मौर्य, कल्लू शर्मा, जयपाल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रामगंगा कटान से प्रभावित चकवा गांव पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव, 5 अगस्त से धरने का ऐलान
RELATED ARTICLES