मैनपुरी उप कृषि निदेशक एन. के. त्रिपाठी ने जनपद के कृषकों को सूचित किया है कि प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू एवं सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजनांतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए कृषि यंत्रों की बुकिंग 4 मार्च की रात्रि 12 बजे तक की जाएगी। इच्छुक कृषक विभागीय पोर्टल www.agriculture.up.gov.in� पर “यंत्र पर अनुदान हेतु टोकन निकालें” लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्रों पर अधिकतम 50 प्रतिशत तथा कस्टम हायरिंग सेंटर पर अधिकतम 80 प्रतिशत तक अनुदान देय होगा। वहीं सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अधिकतम 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा। बुकिंग जनपद स्तर पर की जाएगी और यदि लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन के समय कृषक को यंत्रवार निर्धारित जमानत धनराशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। 10,001 से 1,00,000 रुपये तक अनुदान वाले यंत्रों हेतु 2,500 रुपये तथा एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों हेतु 5,000 रुपये जमानत राशि निर्धारित की गई है। लक्ष्य पूर्ण होने अथवा ई-लॉटरी में चयन न होने की स्थिति में संबंधित कृषकों की जमानत धनराशि वापस कर दी जाएगी।