रिपोर्ट भूदेव प्रेमी
बिल्सी (बदायूं) तहसील बिल्सी के ग्राम दिधौनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। मृतक शनी के पिता तेरसिंह, बिल्सी क्षेत्र के बावा भट्टे पर ईंट बनाने का कार्य करते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 19/01/2026 की सुबह तेरसिंह रोज की तरह ईंट बनाने के लिए खेत में बनी फड़ पर पहुंचे थे। उनके साथ उनका करीब तीन वर्षीय पुत्र भी था, जो पास में खेल रहा था। काम में व्यस्त होने के कारण कुछ देर तक बच्चे पर ध्यान नहीं जा सका। इसी दौरान कार्यस्थल के पास बने एक छोटे पानी से भरे गड्ढे में गिरकर बच्चा डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ समय बाद जब परिजनों ने बच्चे को खोजा तो उसकी लाश उसी गड्ढे में तैरती हुई दिखाई दी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर ग्राम दिधौनी पर तैनात लेखपाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना से गांव में शोक की लहर है।