हरदोई। पाली थाना परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला को उसके पति ने पुलिस अभिरक्षा में गोली मार दी। पीड़ित महिला बीती 7 जनवरी को अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, पति ने सुरजीत पुत्र अरविंद निवासी बख्तावरगंज जिला शाहजहांपुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा रविवार को महिला को बरामद कर थाने लाया गया था। सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे महिला का पति आया और महिला को देखकर अपना आपा खो बैठा, जिसके बाद पति ने अचानक तमंचा निकालकर महिला को गोली मार दी।गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने महिला को जिला अस्पताल हरदोई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। वहीं पुलिस ने महिला के पति को तमंचा सहित पकड लिया। पुलिस ने आरोपी पति के भाई को भी हिरासत में ले लिया। मामले को लेकर उच्चाधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है और पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं।