स्टेट हेड ब्यूरो चीफ – भूदेव प्रेमी
बदायूँ : जिलाधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ आपसी समन्वय बनाकर काम करने और सभी विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक व कम लागत की निर्माण परियोजनाओं, सड़क निर्माण, आयुष्मान भारत मिशन, बेसिक शिक्षा, राज्य पोषण मिशन, पशुपालन विभाग और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि निर्माण कार्य समय से पूरे कराए जाएं और जो कार्य पूरे हो चुके हैं, उन्हें संबंधित विभाग को तुरंत हैंडओवर किया जाए। समीक्षा में बताया गया कि महिला पीएसी के आवासीय भवनों का निर्माण लगभग 49.50 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जिसे जुलाई 2026 तक पूर्ण किया जाना है। डीएम ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और धनाभाव के कारण कोई भी काम नहीं रुकना चाहिए। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने गौशालाओं में युद्ध स्तर पर नाइट विजन वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन गौशालाओं में 30 से कम निराश्रित गौवंश हैं, उन्हें विस्तार कर 100-100 क्षमता वाले गौ आश्रय स्थल बनाने को कहा। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने रैंकिंग सुधारने और सी व डी श्रेणी में आने वाले अधिकारियों को अपने कार्यों में सुधार करने के निर्देश दिए। कुपोषित बच्चों को एनआरसी भेजकर जल्द स्वस्थ कराने पर भी जोर दिया गया। बताया गया कि पिछले 6 माह में 80 प्रतिशत बच्चे स्वस्थ किए गए हैं। डीएम ने फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा में सामने आया कि 15 ब्लॉकों में 3.31 लाख कार्ड के सापेक्ष अब तक मात्र 5916 कार्ड बनाए गए हैं।बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और मध्यान्ह भोजन की नियमित जांच के निर्देश दिए गए। राज्य पोषण मिशन के तहत पुष्टाहार वितरण समय से और मानक के अनुसार कराने को कहा गया। सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को नई सड़कों का निरीक्षण कराने और खराब सड़कों की मरम्मत जल्द कराने के निर्देश दिए। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।