नेतवारी चतुरपुर गांव में लटका बिजली का तार बना खतरा
रिपोर्ट गोपीनाथ रावत
अयोध्या। तारुन क्षेत्र के रामपुर भगन विद्युत उपकेंद्र के अधीन आने वाले इलाकों में बिजली विभाग की लापरवाही से हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। नेतवारी चतुरपुर गांव के तौधकिया संपर्क मार्ग के पास लगे खंभे में बिजली का तार मात्र सहारे से टिका हुआ है, जबकि उसके बगल में तार इतनी नीचे तक लटका हुआ है कि कोई भी व्यक्ति आसानी से उसे छू सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। आसपास के किसानों ने खुद पहल कर पतले बांस के सहारे तार को थोड़ा ऊपर उठाने का प्रयास किया है, ताकि खेत में जाने के दौरान कोई हादसा न हो। बावजूद इसके, तार अभी भी खतरनाक स्थिति में है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस लापरवाही को लेकर जब जेई से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन तक नहीं उठाया। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग इस समस्या का समाधान करने के बजाय, किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। गांव के लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल इस समस्या का संज्ञान लेने और बिजली के तार को सही ऊंचाई पर लगाने की मांग की है। यदि जल्द ही इस लापरवाही को दूर नहीं किया गया, तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।