पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिधौना का मामला6 माह के अंदर विद्यालय में दूसरी बार घटी चोरी
मिल्कीपुर/ अयोध्या रिपोर्ट गोपीनाथ रावत – कुमारगंज थाना क्षेत्र स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिधौना के भवन में बंद ताला काट कर अज्ञात चोरों ने विद्यालय में रखा खेल किट, लाउडस्पीकर सहित अन्य कई सामान पार कर दिए हैं। घटना की जानकारी के बाद ग्राम प्रधान सिधौना के साथ विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शिप्रा यादव कुमारगंज थाने पहुंची और घटना के संबंध में मुकदमा कायम किए जाने हेतु पुलिस को तहरीर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिल्कीपुर शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिधौना के भवन एवं गेट में बंद ताले को अज्ञात चोरों ने बीते 27/28 जनवरी की रात काट दिए और भवन में रखा आलमारी तथा बॉक्स का ताला भी तोड़ डाला। घटना की जानकारी विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शिप्रा यादव को 28 जनवरी की सुबह 8:30 बजे विद्यालय पहुंचने के उपरांत हुई। इसके बाद उन्होंने ग्राम प्रधान श्रीमती उमा सिंह को घटना क्रम से अवगत कराया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ग्राम प्रधान उमा सिंह के पति महेंद्र प्रताप सिंह के साथ कुमारगंज थाने पहुंची और मामले में मुकदमा कायम किए जाने हेतु प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह को तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा तो नहीं दर्ज किया, किंतु घटना छानबीन की जिम्मेदारी एनडीए चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभय सिंह को दे दी। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती यादव ने तहरीर में लिखा है कि इसके पूर्व भी बीते सितंबर 2024 में अज्ञात चोरों ने विद्यालय के किचन सेट का ताला तोड़कर खाद्यान्न एवं बर्तन चोरी कर लिए थे। 6 माह के अंदर चोरी की यह दूसरी घटना है।