रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं दातागंज में रामलीला मेले के दौरान खिलौने के दाम को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते मेले में चीख-पुकार मच गई। दुकानदार और उसके बेटों पर दो युवकों पर धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप है। इस हमले में 25 वर्षीय रोहित की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया।दरअसल, पूरा मामला दातागंज थाना क्षेत्र के शुक्रवार बाजार में आयोजित रामलीला मेले का है। शनिवार शाम करीब सात बजे गांव बेहटा माधव निवासी रोहित और उसका दोस्त ऋतिक मेला घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रोहित अपनी बेटी के लिए खिलौना खरीदने एक दुकान पर गया था।इसी दौरान खिलौने की कीमत को लेकर दुकानदार से उसकी कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली दिख रहा विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि दुकानदार रहीस अहमद ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर दोनों युवकों पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं ऋतिक भी लहूलुहान हो गया। रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋतिक की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके से भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल ऋतिक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के हायर सेंटर रेफर किया गया।बताया जा रहा है कि मृतक रोहित और घायल ऋतिक दोनों गांव बेहटा माधव के निवासी थे। वहीं घायल ऋतिक को दातागंज के भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह के ममेरे भाई का बेटा बताया जा रहा है।घटना की सूचना पर जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।एसएसपी अंकिता शर्मा के मुताबिक, मामले में दो आरोपी हैं। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस घटना ने मेले की खुशियों को मातम में बदल दिया है। जिस मेले में लोग परिवार के साथ खुशियां मनाने पहुंचे थे, वहीं एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।