रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में गुरुवार शाम अधेड़ अवधेश की फावड़े और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के मुताबिक, गुरुगांव निवासी अमन (23), पुत्र बालासहाय, करीब एक साल पहले पड़ोस में रहने वाले मुनेन्द्र की बेटी मीनू को बहलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में मुनेन्द्र ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बुधवार रात प्रेमी युगल को नोएडा से बरामद कर थाने पहुंचाया था। युवती को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था।गुरुवार को युवती के परिजन थाने पहुंचे और उसे समझाकर परिवार के साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन मीनू ने जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर देर शाम करीब छह बजे मुनेन्द्र समेत अर्जुन, राजन, आर्येंद्र और अरविंद पहलवान अवधेश के घर पहुंच गए। उस समय अवधेश घर की सफाई कर रहे थे। आरोपियों ने फावड़े और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।