रिपोर्ट गोपीनाथ रावत
अयोध्या। दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रमुख आयोजन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।अधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से निरीक्षण शुरू कर महोबरा बाईपास होते हुए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 7 नवंबर को मुख्य अतिथि और विशिष्ट महानुभावों के दर्शन-पूजन, सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल व्यवस्था की समीक्षा की गई।इसके बाद रामकथा पार्क पहुंचकर मुख्य मंच, वीवीआईपी जोन, संत समाज दीर्घा, अतिथि दीर्घा और मीडिया गैलरी का निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कलाकारों की प्रस्तुति, अतिथियों के बैठने और प्रवेश-निकास की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन स्थलों, घाटों, दर्शक दीर्घाओं, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।सरयू आरती स्थल, लक्ष्मण किला घाट, हेलीपैड, शोभायात्रा मार्ग और पार्किंग स्थलों पर तैनात मजिस्ट्रेटों एवं अधिकारियों से उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी ली गई।डीएम ने विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन, मंच-पंडाल की सुरक्षा और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहें, ताकि दीपोत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।