Skip to main content

India Times 7

Homeअयोध्याकिसानों- मजदूरों का जबरदस्त आक्रोश, विशाल जुलूस निकाला गया,

किसानों- मजदूरों का जबरदस्त आक्रोश, विशाल जुलूस निकाला गया,

अयोध्या/बीकापुर आज 10 अगस्त को संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय श्रमिक संगठनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोमवार को बीकापुर में किसानों व मजदूरों में दिखा जबरदस्त आक्रोश । दोपहर के करीब 12 बजे विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ता तहसील स्थित शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए। यहां से गगनभेदी नारों के साथ संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक मया राम वर्मा, किसान सभा के प्रदेश सचिव अशोक कुमार तिवारी, किसान सभा के जिला सचिव मयाराम वर्मा, किसान महासभा के संयोजक उमाकांत विश्वकर्मा, भाकियू नेता कमला प्रसाद बागी के नेतृत्व में एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो बीकापुर कोतवाली सहित पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए पुनः शहीद स्मारक पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया। तहसील परिसर में हुई सभा को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और कहा कि सरकार एक तरफ कारपोरेट घरानों के फायदे के लिए अमेरिकी कृषि डील को बढ़ावा दे रही है जिससे हमारे देश के छोटे और सीमांत किसानों की आजीविका पूरी तरह छिन जाएगी वहीं दूसरी तरफ चार श्रम संहिताओं को जबरन लागू कर मजदूरों को उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। देश की रीढ़ माने जाने वाले किसानों और मजदूरों का यह दमन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिजली के निजीकरण और प्रीपेड स्मार्ट मीटर के जरिए आम जनता की जेब पर डकैती डाली जा रही है जिसे तत्काल बन्द कर पुराने बिजली बिल माफ किए जाने चाहिए। वक्ताओं ने आगे कहा कि नीट व अन्य सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्तियों में व्याप्त भ्रष्टाचार ने छात्रों का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। जब युवा इसके खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठा रहे हैं तो सरकार उन पर लाठी गोली चला रही है और फर्जी मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेलों में डाल रही है। छात्रों – नौजवानों पर किया जा रहा यह प्रशासनिक दमन और गिरफ्तारियां तुरन्त बन्द होना चाहिए। सभा को माकपा जिला सचिव अशोक यादव, भाकपा (माले) जिला प्रभारी अतीक अहमद, एटक नेता शैलेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व प्रधान राम कृपाल पटेल, अपना दल (बलिहारी) के अध्यक्ष धर्म राज पटेल, राम तिलक वर्मा, आशीष पटेल, अनिरुद्ध प्रताप मोर्य, सुग्रीव धुरिया, मोहम्मद कासिम, अवधेश कुमार वर्मा, राधेश्याम विमल, परशुराम निषाद, राज कुमार मौर्य आदि नेताओं ने सम्बोधित किया। संचालन वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेता काशीराम यादव ने किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बीकापुर को सौंपा जिसमें भारत अमेरिका कृषि डील सहित सभी किसान विरोधी समझौतों को तत्काल वापस लेने, कारपोरेट परस्त चारों श्रम संहिताओं को पूरी तरह निरस्त कर पुराने श्रम कानून बहाल करने, पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों युवाओं पर दर्ज किए गए मुकदमे वापस लेने और गिरफ्तारियों पर तत्काल रोक लगाने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular