रिपोर्ट धर्मेंद्र कुमार
दिल्ली रक्षाबंधन के दिन दिल्ली के करोल बाग इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात ने सभी को चौंका दिया। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात करोल बाग के अजमल खां रोड स्थित एक नामी ज्वेलरी शोरूम में हुई। बदमाशों ने महज 15 मिनट के भीतर करीब 50 लाख रुपये की जूलरी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो बाइक पर सवार 4 नकाबपोश बदमाश आधी रात के बाद पहुंचे। उन्होंने पहले शोरूम का शटर तोड़ा, फिर तेजी से अंदर घुसकर शोकेस और तिजोरी को निशाना बनाया। पूरी वारदात के दौरान उनके हाथ में हथियार भी नजर आए।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, उस समय इलाके में गश्त करने वाला कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे बदमाशों को आसानी से भागने का मौका मिल गया। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV खंगालने शुरू कर दिए हैं और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि, रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर इस तरह की वारदात ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है।