शाहजहॉंपुर रिपोट अशोक कुमार – महानगर में सदर बाजार से सब्जी मंडी बहादुरगंज में शिफ्ट किए गए बुध बाजार के पहले दिन दुकानदारों ने व्यवस्थाओं को लेकर हंगामा किया । डीएम और एसपी ने पिछले सप्ताह अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए बाजार को शिफ्ट करने का निर्णय लिया था ।नई जगह पर पहुंचे दुकानदारों ने गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया । उनका आरोप था कि इस तरह उनका रोजगार प्रभावित होगा । हंगामे की सूचना मिलते ही नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को संभाला । नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सफाईकर्मियों को मौके पर भेजा और दुकानों के लिए जगह चिह्नित करने का काम शुरू करवाया । प्रत्येक दुकान के लिए दो से सवा दो मीटर का स्थान निर्धारित किया जा रहा है दुकानदारों की मांग पर नगर आयुक्त ने 6 दिन के भीतर सभी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया । नगर आयुक्त ने कहा कि इंजीनियरिंग टीम द्वारा तैयार किए गए डिजाइन के अनुसार बाजार में बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था की जाएगी । साथ ही बारिश और तेज धूप से बचाव के लिए भी उचित प्रबंध किए जाऍंगे । इन सुविधाओं के पूरा होने के बाद दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से व्यापार करने में सहूलियत होगी । उपस्थित लोगों का कहना है काश शासन ,प्रशासन के वायदे इतने ही मजबूत होते तो ये समस्यायें ही क्यों होतीं !! धरातल पर मात्र दिखावे होते हैं ज्ञातव्य हो बुधबाजार को सब्जी मंडी बहादुरगंज के प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित किए जाने के बाद व्यापारियों में रोष फैल गया है इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने दुकानदारों का समर्थन करते हुए मोर्चा संभाल लिया । नगर आयुक्त से मुलाकात के दौरान तनवीर खान ने कहा कि एक सप्ताह पहले दिए गए निर्देशों के बावजूद नगर निगम ने कोई तैयारी नहीं की । उन्होंने प्लेटफॉर्म की सफाई, रोशनी की व्यवस्था और जमीन को समतल कर इंटरलॉकिंग या सीमेंट की मांग की । साथ ही चेतावनी दी कि अगर 6 दिन के भीतर यह सुविधाएं नहीं दी गईं ,तो छोटे और गरीब दुकानदारों के हित में आंदोलन किया जाएगा । उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद सलाउद्दीन ने भी दुकानदारों की मांगों का समर्थन किया । उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों को अपने परिवार की रोजी रोटी कमाने में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए बाजार की जगह को समतल किया जाना जरूरी है स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा । दुकानदारों ने सपा जिलाध्यक्ष द्वारा उनकी आवाज को मजबूती से उठाने के लिए आभार जताया है।