छात्र लक्ष्य निर्धारित कर समय, संसाधनों का सदुपयोग कर जीवन में करें सफलता अर्जित-अंजनी कुमार

मैनपुरी – जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने राजकीय पुस्तकालय में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदया योजना के तहत यू.पी.पी.सी.एस., एस.एस.सी., नीट एवं पुस्तकालय में विभिन्न प्रतियोगात्मक परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि समय, संसाधनों का सदुपयोग कर लक्ष्य प्राप्त करने के लिए ईमानदारी से तैयारी करें, आपको सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने नीट की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से कहा कि प्रतिदिन अधिक से अधिक प्रश्नों को हल करें, विगत वर्षों के पेपर को सॉल्व करें, भौतिक, रासायनिक विज्ञान के प्रश्नों को हल करने में तेजी करें, निरंतर प्रश्न हल करने से आपकी बौद्धिक क्षमता विकसित होगी और आपको सफलता दिलाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुये कहा कि अपनी योग्यता को विस्तार, परिश्रमको मुकाम दें, सफलता के लिए एक योजना, लक्ष्य बनायें, लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए टाइम मैनेजमेंट कर सार्थक प्रयास करें, आप सभी को सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होने विशेषज्ञ शिक्षकों से कहा कि विभिन्न प्रतियोगात्मक परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को अपने-अपने विषय की बेहतर जानकारी प्रदान करें।जानकारी करने पर मा. मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अन्तर्गत मेधावी छात्र-छात्राओं को अनुभवी, शिक्षित शिक्षकों द्वारा नीट, यू.पी.पी.सी.एस., जे.ई.ई., एन.ई.ई.टी., ए.डी.ए. सी.डी. एस. आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करायी जा रही है, छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तक विभाग की लाइब्रेरी से उपलब्ध करायी गयीं हैं, 52 अभ्यर्थी नीट की परीक्षा, 94 अभ्यर्थी यू.पी.पी.सी.एस. एवं 130 अभ्यर्थी एस.एस.सी. की तैयारी करने हेतु पंजीकृत हैं, जिन्हें निर्धारित शेड्यूल के अनुसार विषय विशेषज्ञों द्वारा उक्त परीक्षाओं की तैयारी करायी जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होने मौके पर उपस्थित अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को आदेशित करते हुये कहा कि राजकीय पुस्तकालय के शौचालयों, यूरिनल, परिसर की नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें, सफाईकर्मी की ड्यूटी लगाकर प्रतिदिन परिसर, शोचालयों की सफाई करायी जाये।इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका बुद्धी प्रकाश, पुस्तकालयाध्यक्ष संजय यादव, कोर्स कोर्डिनेटर जय प्रकाश, अनिल सक्सैना, अनुज कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।