महिला ग्राहक बनकर पहुंची, जांच में खुला फर्जीवाड़ा — पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
रुदौली/अयोध्या।नगर की प्रसिद्ध कोठी स्थित सर्राफा मार्केट एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला बेहद चौंकाने वाला सामने आया है, जहां एक महिला पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के बदले असली सोने के जेवर बदलकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद पूरे सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार एक महिला ग्राहक बनकर सर्राफा दुकान पर पहुंची थी। खरीदारी के दौरान उसने बड़ी ही चालाकी से असली सोने की ज्वेलरी के स्थान पर नकली आर्टिफिशियल ज्वेलरी बदल दी। शुरुआत में किसी को भनक नहीं लगी, लेकिन बाद में दुकानदार को शक हुआ। जांच करने पर मामला खुल गया और पता चला कि जेवर नकली हैं।घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। किला चौकी इंचार्ज जितेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला अकेले वारदात को अंजाम दे रही थी या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।दुकानदारों का कहना है कि उक्त महिला पिछले कुछ समय से लगातार दुकान पर आ-जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि पूर्व में बदले गए कुछ जेवरात भी नकली हो सकते हैं।गौरतलब है कि इससे पहले भी रुदौली सर्राफा बाजार में मुस्कान नामक महिला द्वारा नकली बंदूक दिखाकर ज्वेलरी लूटने की घटना सामने आई थी, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब फिर ऐसी घटना होने से व्यापारी वर्ग में भारी चिंता व्याप्त है।स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी और त्योहारों के सीजन में सर्राफा बाजार में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर शातिर अपराधी वारदातों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासा करने की बात कही जा रही है।