रिपोर्ट वीरपाल सिंह
बदायूँ।। उत्तर प्रदेश में गुंडा राज चल रहा है। सैंजनी के हिन्दुस्तान पेट्रोलियम प्रा. लि .गैस प्लांट में उपमहाप्रबंधक सुधीर गुप्ता व सहायक प्रबंधक हर्षित मिश्रा हत्याकांड की सीबीआई जांच होनी चाहिए। पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक कांग्रेस संघर्ष करेगी। कांग्रेस ने पीड़ित परिजनों को एक एक करोड़ मुआवजा और तत्काल सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। उक्त बयान देते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बताया कि वे उपमहाप्रबंधक सुधीर गुप्ता व सहायक प्रबंधक हर्षित मिश्रा हत्याकांड की सीबीआई जांच और न्याय के लिए 15 मार्च को उपवास पर बैठेंगे। उपवास दातागंज तहसील के सैंजनी में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम प्रा. लि .गैस प्लांट के सामने होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने सैंजनी गैस प्लांट में गुरुवार को हुए दोहरे हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अपराधियों की चारागाह बन गया है। सत्ता का संरक्षण मिलने से अपराधियों के हौंसले बुलंद हो गए हैं । खासकर मुख्यमंत्री की जाति के अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है। अन्याय और अत्याचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि गैस प्लांट के प्रबंधक और उपप्रबंधक की हत्या से योगी सरकार के कानून और व्यवस्था की पोल खुल गई है। कहा कि अधिकारियों की जान सुरक्षित नहीं है तो जनपद बदायूँ में नए उद्योग धंधे लगाने कोई क्यों आयेगा। कहा कि गैस प्लांट के प्रबंधक और उपप्रबंधक की हत्या से जिले में पूंजी निवेश और औद्योगिक विकास पर बुरा असर पड़ेगा। कहा कि योगी सरकार लोगों की जान माल की सुरक्षा करने और कानून का राज स्थापित करने में विफल साबित हुई है। योगी सरकार पुलिस का इस्तेमाल केवल विपक्ष की आवाज दबाने के लिए करती है। उन्होंने कहा कि उपमहाप्रबंधक सुधीर गुप्ता व सहायक प्रबंधक हर्षित मिश्रा ने जिलाधिकारी से सुरक्षा की मांग की थी फिर भी उन्हें सुरक्षा नहीं मिली और उनकी हत्या कर दी गई। जिलाधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे।मामले में दोनों अफसरों ने एफआईआर दर्ज करवाई थी और कहा था कि आरोपी अजय प्रताप सिंह से उनकी जान को खतरा है। इतना ही नहीं सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट में कहा था कि थाना प्रभारी अजय कुमार और आरोपी अजय सिंह की मिलीभगत है। इसके बावजूद पुलिस व प्रशासन ने रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं की। इससे साबित होता है कि अपराधियों को शासन सत्ता का संरक्षण था। मामले में पर्दे के पीछे जो सफेदपोश और पुलिस व प्रशासन के लोग शामिल हैं उनको कानून के कठघरे में लाने और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। प्लांट की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों को न्याय मिलने तक संघर्ष करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सभी कांग्रेसजनों से 15 मार्च को दोपहर 12बजे सैंजनी गैस प्लांट पर उपवास में शामिल होने की अपील की ।