रिपोर्ट वैभव
बदायूं। बरेली के आंवला स्थित मनौना के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में आयोजित मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिता-2026 में बदायूं जनपद के समरेर ब्लॉक स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का परिचय देते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों ने चार प्रमुख स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इनमें सीनियर वर्ग की 200 मीटर दौड़ में कुमारी रीतिका, जूनियर वर्ग की 200 मीटर दौड़ में कुमारी अंजली, सीनियर वर्ग की 400 मीटर दौड़ में कुमारी शिवा तथा भाला फेंक प्रतियोगिता में कुमारी शीतल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।विद्यालय की इस उपलब्धि के पीछे खेल प्रभारी श्रीमती नीता जोहरी की कड़ी मेहनत, कुशल मार्गदर्शन और विद्यार्थियों का नियमित अभ्यास अहम रहा। प्रतियोगिता के दौरान खेल प्रभारी के साथ सहायक के रूप में सुश्री काजल सिंह एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री हरीश ने भी बच्चों का सहयोग किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी बदायूं ने विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों की इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया।मंडल स्तर पर चार स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करना विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। छात्राओं की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित किया कि उचित मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और मेहनत के बल पर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी मंडल स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।