नाली और नालों की साफ-सफाई न होने के कारण रास्ते पर गंदगी और कीचड़ जमा
रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं। विकासखंड समरेर की ग्राम पंचायत गुलाड़िया में सफाई व्यवस्था की बदहाली से ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। पूर्व प्रधान ओमप्रकाश के घर से प्राथमिक विद्यालय होते हुए भूपाल के घर तक नाली और नालों की साफ-सफाई न होने के कारण रास्ते पर गंदगी और कीचड़ जमा है। हालात इतने खराब हैं कि ग्रामीणों को आवागमन के लिए इसी गंदगी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास दूसरा कोई रास्ता भी नहीं है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कल शाम तक रास्ते और नालियों की साफ-सफाई नहीं कराई गई तो समस्त ग्रामवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, जब इस संबंध में एडीओ पंचायत मनोज से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि गांव में जिस खेत के माध्यम से पानी की निकासी होती थी, खेत मालिक ने पानी रोक दिया है। इसी वजह से जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि वह आज पारिवारिक कार्य के चलते अवकाश पर हैं और कल गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।दूसरी ओर ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र ने सफाई व्यवस्था की बदहाली के लिए सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि गांव में करीब डेढ़ महीने से कोई सफाई कर्मचारी नहीं आया है और न ही व्यवस्था संभालने के लिए कोई अन्य कर्मचारी मौजूद है।
अब सवाल यह है कि जब एडीओ पंचायत जलनिकासी की समस्या बता रहे हैं और ग्राम प्रधान सफाईकर्मी की अनुपस्थिति को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, तो आखिर ग्रामीणों को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति कौन दिलाएगा? फिलहाल ग्रामीणों को अधिकारियों के निरीक्षण और कार्रवाई का इंतजार है।गुलाड़िया में गंदगी और कीचड़ से ग्रामीण परेशान, डेढ़ महीने से सफाईकर्मी न आने का आरोप; कल तक सफाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी