रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं से इस वक्त की बेहद बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के थाना बिनावर क्षेत्र के ग्राम कान्हा नगला में डबल मर्डर की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। एक ही घर में दो लोगों के शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।मृतकों की पहचान 50 वर्षीय नियाज बानो और उनके 8 वर्षीय नाती अदनान के रूप में हुई है। घर के अंदर दोनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।मौके पर पहुंचे एसएसपी अंकित शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि प्रथम दृष्टया देखने से मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घर में रखा सामान अपनी जगह पर व्यवस्थित मिला है। फिलहाल लूटपाट जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक 50 वर्षीय महिला और मासूम 8 साल के बच्चे की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह रही? फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की जांच जारी है।