मोनी सैनी की खास रिपोर्ट
रुड़की में हनुमान जयंती का पर्व इस बार अभूतपूर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री हनुमंत आस्था धाम में आयोजित भव्य कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी और “जय श्री राम” व “बजरंगबली की जय” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे धाम को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे माहौल और भी दिव्य एवं भव्य नजर आ रहा था। इस दौरान श्री हनुमान आस्था धाम के संस्थापक अमित सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि कलयुग में भगवान हनुमान को अजर-अमर माना जाता है, जो शक्ति, भक्ति, साहस और समर्पण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों से इस धाम में हनुमान जन्मोत्सव लगातार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, और हर वर्ष इसमें भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि करीब 11 वर्ष पूर्व इस स्थान पर पंचमुखी हनुमान जी की स्थापना की गई थी, जिसके बाद से यह धाम आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु यहां दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करते हैं। अमित सैनी ने भावुक होकर कहा कि हनुमान जी उनके जीवन की शक्ति हैं और उनकी कृपा से ही उन्हें आत्मबल, ऊर्जा और हर कठिनाई से लड़ने की प्रेरणा मिलती है। अमित सैनी (संस्थापक, श्री हनुमंत आस्था धाम)