रिपोर्ट राजेश उपाध्याय
मिल्कीपुर, अयोध्या। घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। 21 नवंबर को आंगन से बेटी की डोली उठनी थी, लेकिन किसे पता था कि खुशियों के इस इंतजार के बीच परिवार को पिता की अर्थी उठानी पड़ेगी। शादी से महज दस दिन पहले सड़क हादसे में अमर बहादुर मिश्र (45) की मौत ने परिवार की खुशियां छीन लीं। चार बेटियों और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार के सामने रोजी-रोटी के साथ बेटी के विवाह का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया। इस हृदयविदारक घटना से व्यथित हैरिंग्टनगंज क्षेत्र के लोगों ने संवेदनशीलता और सामाजिक एकजुटता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। सामूहिक प्रयास से एक लाख 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता जुटाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे ओवरब्रिज के नीचे एनएच-330ए पर बाबा ढाबा के पास यह हादसा हुआ। जमालपुर मजरे पिपरी गांव निवासी अमर बहादुर मिश्र ऑटो लेकर कुमारगंज मंडी जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अमर बहादुर परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी बड़ी बेटी का विवाह 21 नवंबर को होना तय था। घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं, लेकिन पिता की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस पिता के कंधों पर बेटी के हाथ पीले करने की जिम्मेदारी थी, वही शादी से पहले हमेशा के लिए साथ छोड़ गया। इस दुखद घटना के बाद परिवार आर्थिक रूप से भी पूरी तरह असहाय हो गया। परिवार की इस कठिन परिस्थिति को देखते हुए हैरिंग्टनगंज क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने सहयोग की पहल की। ग्राम प्रधान पलिया लोहानी अभिषेक सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता लवलेश मिश्रा, दीपक विश्वकर्मा, अनुराग सिंह पलिया, अनुराग सिंह उरुवा वैश्य, रजनीश पाण्डेय, चंचल तिवारी, अंकित शर्मा, मोहित शुक्ला, संतोष सिंह और लक्ष्मण सहित अन्य लोगों ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पत्रकार राजेश तिवारी, रमेश कुमार मिश्र (दिल्ली), आदित्य तिवारी (भटौली), अंकुर दुबे, अनंतराम, विनोद मिश्र और शिवपूजन मिश्रा के सौजन्य से 21 हजार रुपये की सहायता दी गई। सभी के सामूहिक योगदान से कुल एक लाख 11 हजार रुपये एकत्र कर पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराए गए। दुख की इस घड़ी में क्षेत्रवासियों ने यह साबित कर दिया कि सामाजिक रिश्ते केवल सुख के साथी नहीं होते, बल्कि विपत्ति के समय भी अपनों की तरह साथ खड़े रहते हैं। पिता को खो चुके परिवार के लिए यह सहयोग आर्थिक संबल के साथ इस बात का भरोसा भी है कि इस कठिन समय में पूरा समाज उसके साथ खड़ा है।