रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं। थाना दातागंज क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के अनुसार, थाना दातागंज पुलिस बेलाडांडी पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर कार फंस जाने के बाद पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर कार सवार बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान सनी सैनी, निवासी सोरों, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह जहरखुरानी के एक मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, नगदी तथा एचआर-26 डीयू-1431 नंबर की कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर बदायूं सहित अन्य जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत करीब छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।