स्टेट हेड ब्यूरो चीफ: भूदेव प्रेमी
बदायूं – आगामी समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा–2025 को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बदायूँ श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने आज दिनांक 26 जुलाई 2025 को जनपद के समस्त परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने परीक्षा केन्द्रों पर मौजूद ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) श्री अरुण कुमार, संबंधित स्कूलों के व्यवस्थापक, प्रधानाचार्य, एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि परीक्षा के दौरान हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए और नकल रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाए। वहीं, एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।