रिपोर्ट वैभव गुप्ता बदायूं
गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, टायर फटने से बस पलटी; एक की मौत, 30 से अधिक यात्री घायल उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सराय पिपरिया गांव के पास फतेहपुर से गुजरात जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस का टायर फटने से चालक संतुलन खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई।हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।घटना की सूचना मिलते ही मूसाझाग थाना पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
