श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश
स्टेट हेड ब्यूरो चीफ: भूदेव प्रेमी
बदायूं, श्रावण मास के दौरान चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद बदायूं में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधीनस्थों को सख्त निर्देश दिए कि कहीं भी कोई अव्यवस्था न हो और किसी को कोई परेशानी न हो। खासतौर से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखने को कहा गया।पुलिस बल की तैनाती और व्यवस्थापन का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों से कहा कि वे संयमित भाषा और शालीन व्यवहार के साथ श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता करें। साथ ही, यातायात व्यवस्था के तहत निर्धारित रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।इस दौरान क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र पचौरी, सीओ नगर रजनीश उपाध्याय, प्रभारी सिविल लाइन मनोज कुमार सिंह, प्रभारी यातायात अजयपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।