India Times 7

Homeबरेलीचकबंदी कार्यालय में रिश्वतखोरी पर एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई

चकबंदी कार्यालय में रिश्वतखोरी पर एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई

15 हजार रुपये की घूस लेते पेशकार रंगे हाथ गिरफ्तार

संवाददाता जसवीर मौर्या

बरेली। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फरीदपुर चकबंदी कार्यालय के पेशकार रजत चौधरी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीधे बरेली कोतवाली लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रजत चौधरी मुरादाबाद निवासी हैं और वर्तमान में फरीदपुर चकबंदी कार्यालय में पेशकार के पद पर तैनात हैं। उन पर गांव पदारतपुर निवासी शिकायतकर्ता आदिल ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। आदिल ने एंटी करप्शन ब्यूरो में दी गई शिकायत में बताया कि जमीन के दाखिल-खारिज के कार्य के बदले पेशकार ने उससे 15 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को शिकायतकर्ता आदिल को तय रकम के साथ आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही रजत चौधरी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से सतर्क टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसे बरेली कोतवाली लाया गया। भ्रष्टाचार पर सख्त रुख: टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ स्पष्ट संदेश है कि किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को भी चाहिए कि यदि उनसे कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है, तो वे बिना हिचक एंटी करप्शन कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी पेशकार के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है और मामले की आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद फरीदपुर चकबंदी कार्यालय समेत प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना स्थानीय लोगों ने भी की है, जिन्होंने इसे “भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम” बताया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular