India Times 7

Homeअयोध्यामजदूर के माथे में पांच इंच घुसा सरिया, मौत

मजदूर के माथे में पांच इंच घुसा सरिया, मौत

अमानीगंज अयोध्या*निर्माणाधीन 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर रविवार शाम हुए हादसे में 35 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। मंझनपुर स्थित मुड़कटी बाबा देवस्थान के पास फ्लाईओवर निर्माण के दौरान करीब 12 एमएम मोटा सरिया मजदूर बृज किशोर के माथे में पांच इंच घुस गया। साथी मजदूर आननफानन उसे संयुक्त चिकित्सालय, कुमारगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के छूदा गांव का निवासी था। वह महज छह दिन पहले ही मजदूरी करने आया था। लेबर ठेकेदार सिद्धू के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे प्रेशर मशीन की मदद से गार्डर में सरिया डाला जा रहा था। इसी दौरान मशीन ने काम करना बंद कर दिया। प्रेशर अधिक होने के कारण सरिया गार्डर के दूसरे सिरे पर खड़े बृज किशोर में माथे में जा घुसा। यह देख कुछ मजदूर मौके से भाग गए। आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाते हुए बृज किशोर के माथे से सरिया बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण करा रही कालूवाला कंपनी के मैनेजर मनोज कुमार राना ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। सीओ मिल्कीपुर पीयूष ने बताया कि मृतक के मामा को घटना की सूचना दे दी गई है। बृज किशोर के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। *हेलमेट नहीं पहने था मजदूर:* हादसे के वक्त मजदूर हेलमेट नहीं पहन रखा था। ऐसे में निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और उनके इस्तेमाल को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कितनी गंभीरता से निभाई जा रही थी, इसकी जांच जरूरी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular