रुड़की से मोनी सैनी की खास रिपोर्ट

शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित युवती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

रुड़की जनपद के मंगलौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों ने क्षेत्र की एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मोहल्ला पठानपुरा निवासी सिफ्ते हसन, हसनैन अली और जमीर हसन ने प्रेस वार्ता कर दावा किया कि उनकी उम्र लगभग 75 वर्ष है और उनके बेटे का कुछ समय पहले क्षेत्र की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग था। परिवार का आरोप है कि प्रेम संबंध खत्म होने के बाद युवती ने उनके बेटे को लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और मोटी रकम की मांग करने लगी। पैसे न देने पर उसे बलात्कार और एसिड अटैक जैसे गंभीर आरोपों में फंसा दिया गया, जिसके चलते उनका बेटा पिछले तीन वर्षों से जेल में बंद है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ितों का कहना है कि बेटे के जेल जाने के बाद भी युवती नहीं रुकी और अब समझौते के नाम पर कभी 20 लाख तो कभी 25 लाख रुपये की मांग की जा रही है। जब उन्होंने असमर्थता जताई तो उन तीनों बुजुर्गों पर ही छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करा दी गई।
बुजुर्गों ने कहा कि वे मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते हैं और इस उम्र में आए दिन मिल रही धमकियों से उनका घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने हरिद्वार पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित युवती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ितों ने भरोसा जताया कि जांच होने पर सच सामने आएगा और उन्हें न्याय मिलेगा।


