स्टेट ब्यूरो चीफ भूदेव प्रेमी
:बदायूँ, जनपद में 25 दिसम्बर 2025 को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था, शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने इस संबंध में समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए असामाजिक, अराजक एवं साम्प्रदायिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। स्थानीय अभिसूचना इकाइयों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर समय रहते प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 (पूर्व में धारा 144 सीआरपीसी) का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा किसी भी प्रकार से शांति भंग करने के प्रयासों को तत्काल नियंत्रित किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखें। किसी भी स्तर पर सामाजिक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटना न होने पाए, इसके लिए प्रशासनिक व पुलिस स्तर पर समन्वय के साथ सतत निगरानी रखी जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में नगर मजिस्ट्रेट तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उप जिलाधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। जिला प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए शांति व सौहार्द बनाए रखने की बात कही है।