अयोध्या। सीएमओ अयोध्या डा. सुशील कुमार बानियान के खिलाफ शासन की ओर से कराई जा रही जांच में शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज कराने के बाद जांच टीम की अध्यक्ष निदेशक पैरामेडिकल डाक्टर रंजना खरे ने बयान दर्ज कराने के लिए डीपीएम राम प्रकाश पटेल, सीएमओ के लिपिक विजय कुमार व योगेन्द्र तिवारी को बयान देने के लिए लखनऊ तलब किया है। उन पर शिकायत के माध्यम से आरोप लगाया गया है कि इन्ही लोगों ने अयोध्या के लगभग 70 से 75 प्राइवेट अस्पतालों को सीज किया और बाद में मोटी रकम लेकर अस्पतालों को दोबारा खोलने की अनुमति दे दी। जांच टीम के अध्यक्ष ने सीज किए गए अस्पतालों से सम्बंधित सभी अभिलेख भी मांगे हैं। जिस तरह से जांच चल रही है,उससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि जांच प्रकरण में मातहत अधिकारियों व कर्मचारियों पर गाज गिराने की तैयारी की जा रही है।