रिपोर्ट वैभव गुप्ता
बदायूं समाजवादी पार्टी के सांसदों का दौरा चर्चा में रहा। बदायूं से सपा सांसद आदित्य यादव और आंवला से सांसद नीरज मौर्य आज बदायूं पहुंचे और हाल ही में हुए मैन्था फैक्ट्री हादसे में मृतक श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात की। यह मुलाकात थाना उझानी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुढानरसिंहपुर में हुई, जहां फैक्ट्री में हुए हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया था।सांसदों ने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हर स्तर पर मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। सांसदों ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मौके पर कैप्टन अर्जुन सिंह जैसे दिग्गज कार्यकर्ता, सपा नेता हरीश चंद्र मैथिल, 117 विधानसभा क्षेत्र दातागंज के पूर्व प्रत्याशी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना प्रकट की।स्थानीय लोगों ने मांग की कि हादसे की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए। यह मामला अब क्षेत्र में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।