अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर सरयू नदी में स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल, शौंचालय, सफाई एवं स्नान के बाद कपड़े बदलने जैसी आवश्यक सुविधाएं सुलभ कराने की तैयारी नगर निगम ने की है। महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थागत जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निरंतर नजर बनाए रखने की हिदायत दी। महापौर ने कार्तिक पूर्णिमा मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंगलवार को सुबह अफसरों संग तैयारियांं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राम की पैड़ी, सरयूघाट, नागेश्वरनाथ मंदिर, झुनकीघाट, ऋणमोचन घाट, पापमोचन घाट, संत तुलसीदास घाट, चौधरी चरण सिंह घाट, आरतीघाट की साफ-सफाई, प्रकाश, शौचालय, कपड़े बदलने के टेंट और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि घाटों पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए नौ स्थायी चेंजिंग रूम, 63 केबिन, 25 टेंट के अस्थाई चेंजिंग रूम तैयार किया गया है, ताकि महिला श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो। घाटों की सफ़ाई के लिए तीन शिफ्ट में 250 सफ़ाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर 250 बायोट्वायलेट खड़े किए गए हैं। पेयजल सुविधा के लिए 25 स्थानों पर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा सभी स्टैंड पोस्ट, वाटर कियाक्स, हैंडपंप क्रियाशील हैं। घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था मुकम्मल कर दी गई है। वाहन पार्किंग स्थलों पर भी प्रकाश की व्यवस्था की गई है।