मुख्यमंत्री युवा स्वःरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की पत्रावलियों को अकारण न करें निरस्त, लाभार्थियों के स्वावलाम्बन की दिशा में कार्य करें बैंकर्स- अंजनी कुमार
मैनपुरी – जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला उद्योग बंधु, जिला व्यापार बंधु की बैठक में असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एक जनपद-एक उत्पाद योजना में विभिन्न बैंकों में बड़ी संख्या में पत्रावलियां स्वीकृति के उपरांत ऋण वितरण हेतु एवं स्वीकृति हेतु लंबित हैं, कई बैंकर्स द्वारा बड़ी संख्या में प्रेषित पत्रावलियों को निरस्त किया गया है, बैंकर्स शासन की लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजनाओं में ऋण वितरण की प्रगति सुधारें, प्रेषित पत्रावलियों को तत्काल स्वीकृत कर लाभार्थी को समय से ऋण उपलब्ध करायें ताकि वह अपना स्वतः रोजगार स्थापित कर स्वावलंबी बन सकें। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में भारतीय स्टेट बैंक में 33, बैंक ऑफ इंडिया में 32, आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में 19, यूनियन बैंक में 09, पंजाब नेशनल बैंक में 07 पत्रावलियां स्वीकृति हेतु लंबित है जबकि बैंक ऑफ इंडिया ने 35, आर्यावर्त ग्रामीण बैंक ने 32, बैंक ऑफ बड़ौदा ने 08, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 06, पंजाब नेशनल बैंक ने 05, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 03 पत्रावली निरस्त की है, कमावेश यही स्थिति एक जनपद एक उत्पाद योजना में है, बैंकर्स इस ओर ध्यान दें।श्री सिंह ने मुख्यमंत्री युवा स्वःरोजगार योजना की समीक्षा करने पर पाया कि भौतिक लक्ष्य 106 के सापेक्ष 251 आवेदन पत्र बैंकों को प्रेषित किए गए, जिसमें से 84 आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर 58 ऋण वितरण किया जा चुका है, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में भौतिक लक्ष्य 56 के सापेक्ष बैंकों को 142 आवेदन पत्र बैंकों को प्रेषित किए गए, जिसमें से 58 आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर 51 पत्रावलियों पर ऋण वितरण किया जा चुका है। उन्होंने एक जनपद-एक उत्पाद में पाया कि चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में भौतिक लक्ष्य 31 के सापेक्ष विभिन्न बैंकों को 130 ऋण आवेदन पत्र प्रेषित किए गए, जिनमें से बैंकों द्वारा 45 आवेदन पत्रों को स्वीकृ त कर 38 पर ऋण वितरण किया गया। उन्होने एक जनपद-एक उत्पाद विपणन प्रोत्साहनयोजना में शासनादेश के अनुसार उद्यमियों को लाभान्वित किये जानें, लघु औद्योगिक आस्थान मल्लामई के भूखंड संख्या-36 व 37 नियमानुसार हस्तान्तरण किये जाने को कहा।बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उपायुक्त जी.एस.टी. मनोज कुमार यादव, अधिशाषी अभियंता विद्युत अनिल कुमार वर्मा, जिला अग्रणी प्रबन्धक राम चन्द्र साहा, उद्यमी मित्र राहुल दुबे सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, उद्यमी लक्ष्मी नारायण तापडिया, अनिल दीक्षित, विनय गुप्ता, घनश्याम दास गुप्ता, के.के. गुप्ता, अनिल गुप्ता, अमित राज कुमार गुप्ता, नीरज बैजल, आदि उपस्थित रहे. बैठक का संचालन पायवालजय चन्द ने किया।