रिपोर्ट ब्रजेश पाल सिंह
बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा बिलसंडी में सोमवार शाम एक पुराना विवाद हत्याकांड में बदल गया। किसी किस्त के लेनदेन को लेकर चल रही रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान योगेश यादव (21) के रूप में हुई है, जो स्थानीय वकील मनोज यादव के छोटे भाई थे।ग्रामीणों ने बताया कि योगेश और कुछ लोगों के बीच पैसे की किस्तों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।सोमवार शाम उसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने योगेश को गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।परिजन और ग्रामीणों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पाते ही क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह और थाना प्रभारी चमन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ कर अहम साक्ष्य जुटाए। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।पुलिस ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है