मैनपुरी आगामी 27 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को विश्व यादव परिषद के बैनर तले बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने मैनपुरी जिला मुख्यालय पर इकट्ठा होकर फिल्म के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष शुभम यादव ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की। समाज का आरोप है कि फिल्म के पोस्टर्स और सोशल मीडिया पर जारी प्रचार सामग्री में यादव समाज को गलत तरीके से चित्रित किया गया है, जिससे उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुँच रहा है। संगठन की मुख्य आपत्ति फिल्म के शीर्षक और उसमें शामिल कुछ दृश्यों को लेकर है। उनका कहना है कि फिल्म में लव जिहाद जैसे संवेदनशील विषय को समाज के साथ जोड़कर दिखाया गया है। परिषद ने चेतावनी दी है कि जब तक फिल्म के नाम से यादव शब्द नहीं हटाया जाता और आपत्तिजनक सीन नहीं काटे जाते, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे। विश्व यादव परिषद ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं और 27 फरवरी को फिल्म रिलीज हुई, तो जिले के सभी सिनेमाघरों के बाहर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।