गांव के सर्वांगीण विकास में पंचायत अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण, शासन की मंशा के अनुसार कराये गांव का कायाकल्प – पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री
मैनपुरी – उ.प्र. अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 14 नव-नियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी के साथ विभिन्न आयोगों के माध्यम से सरकारी विभागों में चयन प्रक्रिया संपन्न करा रही है, प्रदेश के चयन प्रक्रिया की प्रशंसा न सिर्फ प्रदेश में बल्कि पूरे देश में हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में पूरी ईमानदारी से नियुक्तियां, भार्तियां हो रही हैं, योग्यता को सम्मान मिल रहा है, अगड़ा-पिछड़ा, सामान्य वर्ग, दलित, राजनैतिक भेद-भाव किसी के साथ नहीं हो रहे है, केवल योग्यता, दक्षता के आधार पर नौकरियां मिल रही है, आज के युवाओं को प्रदेश के मुख्यमंत्री पर भरोसा है, सरकार के ऊपर विश्वसनीयता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि नव-नियुक्त पंचायत सचिवों को गांव के विकास का महत्वपूर्ण दायित्व मिला है, आपको ग्रामीण क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभानी है, संचालित योजनाओं का लाभ पात्रों के दरवाजे तक पहुंचाना है, संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता सुनिश्चित करानी है, आपको ईमानदारी के साथ अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन कर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार गांव का कायाकल्प कराना है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के दल-दल में न फंसे बल्कि ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, गरीब के साथ न्याय करें, आप सब गांव की सरकार के एक्जीक्यूटिव अफसर हैं, आपके ऊपर गांव के विकास का जिम्मा है, आप जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा के साथ निभाएं। उन्होने कहा कि केन्द्र-प्रदेश सरकार बिना भेद-भाव के समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रयत्नशील है, देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में विकास के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी देश-प्रदेश समृद्ध हो रहा है, गांव से लेकर शहरों के विकास के फलस्वरूप जल्द ही हमारा देश विकसित भारत से विकासशील देश की श्रेणी में होगा और हमारा देश विश्व का नेतृत्व करेगा। उन्होने कहा कि भ्रष्टाचार की जड़ नीचे से ही मजबूत होती है, पिछली सरकार और वर्तमान सरकार की तुलनात्मक नियुक्तियों के बारे में फर्क साफ दिखाई देता है, पूर्व की सरकारों में नकल करने वाले छात्र मेरिट के आधार पर चयनित होते थे, भ्रष्टाचार वहीं से शुरू होता था, एक ही भर्ती में एक ही केंद्र से बाप-बेटा दोनों भर्ती होते थे, मैरिट, योग्यता के आधार पर नहीं बल्कि लिस्ट के अनुसार चयन होते थे। पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में विगत् 07 वर्ष के कार्यकाल में तमाम विभागों में लाखों की संख्या में नियुक्तियां हुयी हैं, पुलिस, राजस्व, शिक्षा, ग्राम्य विकास विभाग में बड़ी संख्या में भर्ती हुयीं, एक भी भर्ती में भ्रष्टाचार की शिकायत प्राप्त नहीं हुयी, पिछली सरकरों में जब-जब भर्तियां हुयीं तो दलाल सक्रिय हो जाते थे। उन्होने नव-नियुक्त पंचायत सचिवों से कहा कि आप सब ईमानदारी से भर्ती होकर आयें हैं, जब आप कार्य करने जायें तो ईमानदारी से कार्य करके दिखायें। उन्होने कहा कि भ्रष्टाचार, जातिवाद हमारे देश को दीमक की तरह खा रहा है, हम विश्व के देशों की तुलना में अभी भी बहुत पीछे हैं, जबसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली है तब से हमारा देश लगातार आर्थिक रूप से आगे बढ़ रहा हैं, आज हमारा देश विश्व की सबसे बड़ी 05वीं अर्थव्यवस्था के रूप में खड़ा है, जल्द ही हमारे देश की अर्थव्यवस्था विश्व में तीसरे नम्बर की होंगी। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ’’सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास’’ के साथ भारत को निरतंर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने नव-नियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आज आप सब जिला प्रशासन की टीम का हिस्सा बन रहे हैं, आप सब सौभाग्यशाली है कि आपकी नियुक्ति पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई, आपका चयन योग्यता के आधार पर हुआ और आपको नियुक्ति पत्र प्रदेश सरकार के मौजूदा, पूर्व कैबिनेट मंत्री के कर-कमल से मिल रहा है। उन्होंने नव-नियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि आपकी नियुक्ति जिस प्रकार ईमानदारी से हुई है आप अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा से कर प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने में अपना योगदान दें। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, विधायक भोगांव, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी ने नव-चयनित योगेश यादव, अंकित यादव, योगेश कुमार, मोहन लाल, विजय लक्ष्मी शुक्ला, माडंवी गुप्ता, अजीत यादव, अभिनव यादव, रितिक कुमार, राहुल कुमार, कार्तिक राय सिंह, आशीष कुमार, रोहित कुमार, प्रवीन कुमार को अपने कर-कमलों से नियुक्ति पत्र प्रदान किये। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त एन. आर. एल. एम. शौकत अली, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला समन्वयक नीरज शर्मा, योजना समन्व। यक सर्वेश दुबे, डी.पी.एम. अजय विक्रम, समस्त खंड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत राज अधिकारी यतेन्द्र सिंह ने किया।