12 बकरियां जली, गेहूं-भूसा राख, गैस सिलेंडर फटने से आग और भड़की
रिपोर्ट गोपीनाथ रावत

मिल्कीपुर, अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील के इनायत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरौली फत्ते सिंह पूरे बइसन गांव में बुधवार को अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटों को देखकर जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते तब तक नौ दलित परिवारों के घरों को आग ने अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीणों ने अग्निकांड की जानकारी तहसील प्रशासन सहित इनायत नगर पुलिस को देकर आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर पहुंचा तहसील प्रशासन व पुलिस ने फायर ब्रिगेड टीम को सूचना देकर बुलाया। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बेकाबू आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया गया ,तब तक अग्निकांड की चपेट में आने से पन्नालाल की 12 बकरियां व घर गृहस्थी का सारा सामान सहित पूरा घर जल कर राख हो गया व नवादीन का पूरा घर तथा गृहस्थी का सारा सामान जल कर राख हो गया। वहीं सुरेश, सुनील, ईश्वर राम, आशाराम, सहज राम, प्रवेश, राम बहादुर व प्रदीप कुमार का पूरा घर सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया है। वहीं दूसरी ओर अग्निकांड की चपेट में आने से राजेंद्र सिंह का तीन बीघा गेहूं व भूसा तथा इंद्रदेव सिंह का चार बीघा गेहूं व भूसा जलकर राख हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि सुरेश के घर में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में आने से गर्म हो कर फट गया जिससे आग ने और भी विकराल रूप धारण किया। अग्निकांड की जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार, इनायत नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र पाण्डेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों का आग बुझाने में सहयोग किया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल तरुण मिश्रा ने जन व धन हानि का आकलन रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपने की बात कही है।