बैंकर्स ऋण वितरण में दिखायें दिलचस्पी, युवाओं को ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वावलम्बी बनाने में करें सहयोग – अंजनी कुमार
मैनपुरी – मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना में एच.डी.एफ.सी. की बैंक शाखाओं द्वारा अकारण पत्रावलियों को निरस्त करने, पत्रावलियों को स्वीकृत करने के पश्चात भी ऋण वितरण न करने पर आज जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह स्वयं एच.डी.एफ.सी. बैंक की मुख्य शाखा पहुंचे। उन्होने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनांतर्गत प्रेषित पत्रावलियों की जानकारी करने पर पाया कि एच.डी.एफ.सी. की जनपद में संचालित 08 शाखाओं में 133 पत्रावलियां प्रेषित की गयीं, जिसमें से एच.डी.एफ.सी. बैंक शाखाओं द्वारा 71 पत्रावलियों को निरस्त किया गया है जबकि 47 पत्रावलियां विभिन्न बैंक शाखाओं में लम्बित हैं, अभी तक मात्र 15 पत्रावलियों पर ही ऋण वितरण किया गया है, सर्वाधिक 20 पत्रावलियां एच.डी.एफ.सी. बैंक शाखा बेवर, 19 पत्रावलियां एच.डी.एफ.सी. बैंक शाखा स्टेशन रोड द्वारा निरस्त की गयी हैं। उन्होने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सदर ब्रांच शाखा में 10 पत्रावलियां विगत् 05 माह से लम्बित हैं, दि. 02 अगस्त को प्रेषित गौरव कुमार, अवनीश कुमार, शैलेन्द्र सिंह, दि. 07 अगस्त को प्रेषित पूजा राठौर, दि. 18 अगस्त को प्रेषित अनुज कुमार, शिवम कुमार एवं दि. 21 अगस्त को प्रेषित शहवाज, प्रदीप कुमार की पत्रावलियां बैंक शाखा द्वारा न तो स्वीकृत की गयी हैं और नाहीं निरस्त, बैंक शाखा में उक्त पत्रावलियां अकारण लम्बित हैं, जिस पर उन्होने शाखा प्रबन्धक को कठोर चेतावनी देते हुए कहा कि 24 घंटे के भीतर उपरोक्त पत्रावलियों को स्वीकृत कर लाभार्थियों को ऋण वितरण करना सुनिश्चित करें यदि ऋण वितरण में विलम्ब किया तो उत्तरदायित्व निर्धारित कर कठोर कार्यवाही की जायेगी।श्री सिंह ने कहा कि बैंकर्स लाभार्थीपरक योजनाओं में प्रेषित पत्रावलियों को यथाशीघ्र स्वीकृत कर ऋण वितरण करें, पत्रावलियों को निरस्त करने में नहीं बल्कि स्वीकृत करने मेंदिलचस्पी दिखाएं ताकि शिक्षित युवा विभिन्न योजनाओं का लाभ पाकर अपना स्वःरोजगार स्थापित कर स्वावलंबी, आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि यद्यपि जनपद में गत वित्तीय वर्ष में लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजनाओं में बैंकर्स ने ऋण वितरण में रुचि दिखाई है, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वःरोजगार योजना, एक जनपद-एक उत्पाद, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्वःनिधि निधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत की पूर्ति की गई है लेकिन सबसे महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति में काफी सुधार की गुंजाइश है, बैंकर्स इस ओर ध्यान दें और अपने यहां स्वीकृत हेतु अवशेष पत्रावलियों को प्राथमिकता पर स्वीकृत कर लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।इस दौरान शाखा प्रबंधक के अलावा उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंन्द्र, अनिल सक्सेना आदि उपस्थित रहे।