अनावरण ग्राम प्रधान के करकमलों द्वारा किया गया
रिपोर्ट भूदेव प्रसाद
बदायूं ग्राम दिधौनी में डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्मोत्सव को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की तैयारी पहले से ही हर्षोल्लास के साथ की गई। ग्रामवासियों द्वारा एक भव्य बोर्ड बनवाया गया, जिसका अनावरण ग्राम प्रधान के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने फूल बरसाकर बाबा साहेब को नमन किया और उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।
गांव में पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी बाबा साहेब की जयंती पर भक्ति शोभा यात्रा निकालने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में इस बार आयोजन में एक नया अध्याय जोड़ा गया। सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से संत रविदास जी की तस्वीर का भी विधिवत अनावरण किया गया। गांव के सम्मानित एवं समर्थ लोगों ने मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।संत रविदास जी ने अपने जीवन में समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पांति के भेदभाव का विरोध करते हुए समाज को एकता और सद्भाव की राह दिखाई। उनके उपदेश आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर और संत रविदास दोनों महापुरुषों ने समाज में समानता और न्याय की अलख जगाई। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को उनके आदर्शों को जानने और अपनाने की प्रेरणा मिलती है। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने मिलकर सामाजिक एकता का संदेश दिया।