स्टेट ब्यूरो चीफ – भूदेव प्रेमी
बिल्सी (बदायूं), राजस्व विभाग की विशेष वसूली अभियान के तहत बिल्सी तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बैंक का कर्ज न चुकाने पर दो किसानों की जमीन कुर्क कर ली गई। इसके अलावा, जिला पंचायत की दुकानों के किराएदारों को भी बकाया भुगतान को लेकर नोटिस जारी किया गया है।बैंक का 20 लाख बकाया, किसानों की जमीन कुर्क मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम ने तहसील क्षेत्र के गांव मुजरिया के किसान मोहर सिंह और वसावनपुर के गंगाराम की जमीन कुर्क कर ली। दोनों किसानों ने बैंक ऑफ बड़ौदा से 10-10 लाख रुपए का कर्ज लिया था, लेकिन समय पर भुगतान नहीं किया। बैंक द्वारा कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद बकाया राशि जमा न करने पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की।जिला पंचायत के किराएदारों को नोटिस इसी के साथ जिला पंचायत की दुकानों के किराएदारों को भी नोटिस जारी किया गया है। मुजरिया चौराहे पर स्थित इन दुकानों के किराएदारों पर लाखों रुपये बकाया हैं। इनमें हरवीर सिंह पर 60 हजार, सत्यराम पर 1.11 लाख, सुरेंद्र सिंह पर 94 हजार और राधेश्याम पर 1.05 लाख रुपए का बकाया है। तहसील प्रशासन ने सभी को एक सप्ताह के भीतर बकाया जमा करने का निर्देश दिया है।प्रशासन की सख्ती, आगे भी होगी कार्रवाई राजस्व वसूली अभियान के तहत चल रही इस कार्रवाई को लेकर नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव ने बताया कि बकायेदारों को पहले नोटिस भेजा गया था, लेकिन भुगतान न करने पर यह कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान अमीन अशोक कुमार, आयेंद्र कुमार सिंह, हरपाल और बैंक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में बाकी बकायेदारों ने भी भुगतान नहीं किया तो उनकी संपत्तियों पर भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।